
*सैन्य सम्मान के साथ होगा सिक्किम आपदा में शहीद नितिन का अंतिम संस्कार*
♦️ *तीन अक्तूबर को सिक्किम में बादल फटने के बाद लापता हो गई थी पूरी टुकड़ी*
♦️ *डीएनए जांच से हो सकी गांव भवानीपुर निवासी जवान नितिन ढाका की पहचान*
चंदक (बिजनौर)। सिक्किम आपदा में शहीद हुए सेना के जवान का अंतिम संस्कार शनिवार को बालावाली गंगा घाट पर सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। चार महीने के बाद डीएनए जांच के बाद शहीद जवान की पहचान हो सकी।
मंडावर थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी राजेश कुमार के पुत्र नितिन कुमार ढाका 2011 से सेना में कार्यरत थे। अक्तूबर 2023 में नितिन की कंपनी सिक्किम में सैन्य अभ्यास करके लौट रही थी। तीन अक्तूबर की रात्रि उनकी पूरी टुकड़ी बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में आ गई थी। घटना में नितिन भी लापता हुए। सेना की ओर लापता हुए जवानों की काफी तलाश की गई थी, मगर उसका कोई सुराग नही लग पाया था।
पुत्र नितिन के लौटने की आस में पत्नी और माता की आंखे उसकी राह देखते देखते पथरा गई थी। सभी को अनहोनी की आशंका तो थी, मगर जवान का शव नहीं मिलने के कारण एक उम्मीद की किरण भी जगी हुई थी। 13 फरवरी 2024 को सेना की ओर से नितिन के परिजनों को जवान के शाहिद होने की खबर दी गई।
इसके बाद नितिन का छोटे भाई उसी दिन नितिन का पार्थिव शरीर लेने के लिए पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जनपद के बिनागुड़ी छावनी के लिए रवाना हो गए। परिजनों के अनुसार शहीद जवान का शव शनिवार तक पैतृक गांव पहुंचेगा। पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया जाएगा।